-गोल्डन कार्ड जारी करने के साथ, संबंधित बीमारी के डॉक्टर, इलाज की मिलेगी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने और गोल्डन कार्ड जारी कराने के लिए चयनित परिवार के सदस्यों को भटकना नहीं पड़ेगा। इसके लिए आयुष्मान योजना से जुड़े सभी अस्पतालों में कियोस्क कक्ष (अलग कक्ष) बनेंगे। इनमें तैनात आयुष्मान मित्र गोल्डन कार्ड जारी करने के साथ ही संबंधित बीमारी के डॉक्टर और इलाज की जानकारी देंगे।
जनपद में आयुष्मान भारत योजना से 83 अस्पताल जुड़े हुए हैं। इनमें 24 राजकीय चिकित्सालय और 59 निजी अस्पताल शामिल हैं। इनमें मरीजों, तीमारदारों को भर्ती और इलाज से संबंधित जानकारी के लिए भटकना पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए शासन ने सभी नामित अस्पतालों में कियोस्क कक्ष खोलने के आदेश दिए हैं।
इसका उद्देश्य है कि आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थी ज्यादा से ज्यादा गोल्डन कार्ड बनवाकर चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ उठा सकें। सभी आयुष्मान योजना से जुड़े सरकारी और निजी अस्पतालों में कियोस्क कक्ष खोले जा रहे हैं। सेठ बलदेव दास बाजोरिया जिला चिकित्सालय में कियोस्क कक्ष लगभग बनकर तैयार हो गया है, जो एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा। इसी तरह जितने भी योजना से जुड़े अस्पताल हैं, उनमें भी तैयारी चल रही है।
कुल लाभार्थी परिवार 1,15,023
कुल अस्पताल 83
आयुष्मान लाभार्थी 8,67,367
गोल्डन कार्ड बनें 4,68,800
नहीं बनें गोल्डन कार्ड 3,98,567
प्रदेश में रैंक 2
कियोस्क कक्ष में आयुष्मान भारत योजना से संबंधित सभी जानकारी मिलेगी। इसमें आयुष्मान मित्र लैपटॉप लेकर उपस्थित रहेंगे। वहां पर पहुंचे चयनित परिवार के सदस्यों की समस्या का समाधान करेंगे। साथ ही लाभार्थियों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। - डॉ. संजीव मांगलिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी