हादसे में दुर्घटना ग्रस्त कार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के चिलकाना में बच्चों को लेकर सहारनपुर स्कूल छोड़ने जा रही वैन और डीसीएम की टक्कर में कार चला रहे ग्रामीण और उसके परिवार के चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में उपचार के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे गांव शेखपुरा (बेहट) निवासी दिनेश कुमार अपनी निजी मारुति ओमनी वैन से अपने परिवार के बच्चों को लेकर सहारनपुर स्थित सेंट मैरी स्कूल में ले जा रहा था।
सुबह सात बजे पठेड़-गन्देवड़ रोड पर दौलतपुर तिराहे के पास मोड़ पर तेज गति से आ रहे डीसीएम ने वैन में जोरदार टक्कर मार दी। डीसीएम की टक्कर से वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
गाड़ी चला रहे दिनेश तथा बराबर की सीट पर बैठी दिनेश की बेटी आईशी गंभीर रूप से घायल हो गये। पीछे की सीट पर बैठे बच्चे शशांक, आकांश तथा हरिओम को भी चोटें आई।
दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे बच्चों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे। इसी दौरान किसी ने 100 डायल तथा पुलिस को भी सूचना दे दी। गांव टोडरपुर के पास खड़ी 100 डायल तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को कार से निकालकर सीएचसी सुल्तानपुर ले जाया गया।
जहां से गंभीर होने पर दिनेश तथा आईशी को जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश कुमार की मौत हो गई। दिनेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी नीरज सिंह ने बताया कि डीसीएम से मिले कागजों से पता चला है कि दुर्घटना करने वाली गाड़ी यमुनानगर के गांव हसनपुर निवासी योगेंद्र की है। मृतक के चाचा नरेंद्र कुमार की तहरीर पर रिपोर्ट लिख ली गई है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।