दो पक्षों में थाने के सामने चले लात घूंसे
नानौता (सहारनपुर)। आपसी विवाद के बाद थाने पर तहरीर लेकर पहुंचे दोनों पक्षों में थाने के सामने जमकर लात घुंसे चले। पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया। थाना क्षेत्र के गांव माधोपुर निवासी एक ही परिवार के लोगों में मकान बंटवारे व अन्य किसी मुद्दे को लेकर के आपस में विवाद हो गया। जिसके बाद गांव में ही दोनों पक्ष में जमकर कहासुनी और मारपीट हुई। उसके बाद दोनों पक्ष समय करीब सात बजे थाना पर तहरीर लेकर कार्रवाई के लिए पहुंचे। इसी बीच जैसे ही दोनों पक्ष थाने के गेट पर पहुंचे तो उनमें आपस में कहासुनी होने लगी। कहासुनी अचानक से मारपीट में बदल गई और देखते ही देखते महिलाओं व पुरुषों में जमकर लात घुंसे चले। थाने के मेन गेट के सामने मारपीट की घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया और मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों व दो महिलाओं को भी हिरासत में लिया। बताया जाता है कि पकड़े गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं जिनका मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। जबकि एक पक्ष के मारपीट के आरोपी पर ट्रक चोरी कर टायर बेचने का आरोप लगाया। एसएसआई मनोज राठी ने बताया कि मारपीट पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।