ट्रैक्टर बुग्गी के नीचे दबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत
बेहट (सहारनपुर)। कस्बागढ़ गांव में शनिवार की देर शाम गोबर से भरी ट्रैक्टर-बुग्गी कर नीचे दबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव कस्बागढ़ निवासी नेत्रपाल शाम के समय ट्रैक्टर-बुग्गी में गोबर भरने के बाद उसे खेत में लेकर जाने के लिए ट्रैक्टर लेकर चल दिया। नेत्रपाल का ध्यान आगे था। पीछे बुग्गी के कुंडे में उसका 12 साल का बेटा बिट्टू लटक लिया। आगे बुग्गी के हिच में लॉक न होने की वजह से बुग्गी पीछे की तरफ से जमीन पर टिक गई और बिट्टू उसके नीचे दब गया। बिट्टू के चिल्लाने की आवाज सुनकर जब तक नेत्रपाल ने ट्रैक्टर रोक कर उसे ग्रामीणों की मदद से बुग्गी के नीचे से निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बिट्टू घर का इकलौता चिराग था। उसकी मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता नेत्रपाल और इकलौते मासूम बेटे की मौत से बदहवास हालत में हैं।