सहारनपुर में कांवड़ शिविर में बम की अफवाह के बाद एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए और चौकसी बढ़ा दी है। उन्होंने तमाम थानेदारों को अलर्ट करते हुए संदिग्धों की पहचान के लिए शिविरों में आने और जाने वालों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
इतना ही नहीं, उन्होंने खुद भी अनेक शिविरों में जाकर व्यवस्था का जायजा लिया। मंगलवार की रात करीब 11 बजे थाना जनकपुरी के पीछे बने कांवड़ शिविर में बम होने की अफवाह फैल गई थी।
इससे एक ओर जहां शिविर में ठहरे कांवड़ियों में अफरातफरी मच गई थी, वहीं पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। एसएसपी प्रदीप कुमार यादव बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे।
बम निरोधक दस्ते ने काफी सावधानी के साथ शिविर में रखे लावारिस बैग को खोला, जिसमें मोबाइल का चार्जर निकला था। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, मगर एसएसपी ने इसे गंभीरता से लिया है।
उन्होंने शिविरों पर पैनी नजर रखने के निर्देश पुलिस को दिए हैं। पुलिस का मानना है कि शिविरों में कांवड़िए के वेष में कोई संदिग्ध व्यक्ति भी ठहर सकता है। इसके लिए पुलिस शिविरों में ठहरे कांवड़ियों की वीडियोग्राफी तक कर रही है।
एसएसपी ने अनेक कांवड़ शिविरों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी प्रदीप कुमार यादव के अनुसार मंगलवार की रात शिविर में संदिग्ध बैग रखा होने से उड़ी बम की अफवाह के बाद पुलिस को और सतर्क कर दिया गया है। कांवड़ मार्ग के साथ ही शिविरों पर भी नजर रखी जा रही है।