ब्लाक प्रमुख पद के लिए नामांकन दर्ज कराने वाले पांच प्रत्याशियों में से चार ने नामांकन वापस लेने के बाद कमलेश का निर्विरोध ब्लाक प्रमुख बनना तय हो गया है। आपसी सहमति से हुई नाम वापसी के समय सपा, बसपा, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं सहित सभी प्रत्याशी मौजूद रहे।
गंगोह ब्लाक प्रमुख पद के लिए तीन महिलाओं सहित पांच ने नामांकन दर्ज कराए थे। इसके साथ ही तमाम दलों के नेताओं ने बैठक कर सहमति से प्रमुख चुनने की कवायद शुरू कर दी थी। बैठक में कमलेश मोहनपुरा के नाम पर सहमति बन गई।
नामांकन वापसी से लगभग 15 मिनट पहले एआरओ के समक्ष पहुंचे कांग्रेस के सालिम खानपुर गुर्जर, बसपा की मुकेश ढायकी, भाजपा की सुनीता और मेवा सिंह ने अपने-अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। नामांकन वापसी के बाद एआरओ सुभाष चंद ने कमलेश का ब्लाक प्रमुख पद पर एकमात्र नामांकन रहने की जानकारी दी।
हालांकि इसकी विधिवत घोषणा रविवार को डीएम करेंगे। इस दौरान सपा नेता चौधरी रुद्रसेन, बसपा के पूर्व विधायक महीपाल सिंह माजरा, मजाहिर राणा, डा. ओमपाल सैनी, कांग्रेस नेता एवं चेयरमैन काजी नोमान मसूद, भाजपा के चौधरी नक्षत्रपाल सिंह, ईश्वर गोयल, विधायक प्रदीप चौधरी के प्रतिनिधि के रूप में चौधरी रणधीर सिंह, विधायक नाहिद हसन की ओर से चौधरी यूसुफ, नियाज हसन के अलावा चौधरी महबूब, मांगेराम सभापति, शीशपाल, मदन रंधेडी, बलबीर सिंह गुडछप्पर, असलम मोहनपुर, सोनू तातारपुर कलां और कारी साजिद आदि मौजूद रहे।