मुठभेड़ में काला गैंग का इनामी बदमाश साथी संग गिरफ्तार
सहारनपुर/नानौता। क्राइम ब्रांच और नानौता पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से मुकीम काला गैंग का बदमाश साबिर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने उसके साथी के साथ दबोच लिया। आरोपी पर 15 हजार का इनाम है। उसके पास से हथियार और कार बरामद हुई है।
एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा ने बताया कि बुधवार देर रात नानौता पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम वाहनों की तलाशी ले रही थी। तभी जंधेड़ी नहर पुल पर कार सवार बदमाशों से पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 15 हजार का इनामी साबिर निवासी टिंगरी रामनगढ़ कोतवाली नकुड़ पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने साबिर और उसी के गांव के निवासी बदमाश साजिल को दबोच लिया। दोनों आरोपी मुकीम काला गैंग के बदमाश हैं। साबिर पर शामली पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। आरोपियों के पास से आई-20 कार, पिस्टल .32 बोर, एक तमंचा, पांच कारतूस बरामद हुए हैं।
---------
साबिर पर दर्ज हैं कई मुकदमे
मुकीम काला गैंग के सदस्य साबिर पर एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट के मामले अधिक है। आरोपी गैंगस्टर एक्ट में भी निरुद्घ है। साबिर के खिलाफ शामली, सहारनपुर के थाना चिलकाना, नकुड़, कोतवाली सदर बाजार में मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोपी फरार चल रहा था।
--------
इस पुलिस टीम को मिली सफलता
बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में थाना नानौता प्रभारी शोवीर सिंह, अभिसूचना विंग के प्रभारी अजय गौड़, स्वॉट टीम के प्रभारी जयवीर सिंह, सर्विलांस सेल के प्रभारी अजब सिंह, जंधेड़ी चौकी इंचार्ज ललित कुमार सहित क्राइम ब्रांच की टीम के सदस्य शामिल रहे।