सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में लोगो की समस्याये सुनते डीएम एसएसपी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भूमि संबंधी विवादों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारित कराने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।
शनिवार को तहसील सदर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 45 शिकायतें आईं। इनमें राजस्व विभाग की 17, पुलिस विभाग की नौ, विद्युत निगम की दो, विकास संबंधी पांच एवं अन्य विभागों की 12 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्राथमिकता वाले जनसुनवाई, आईजीआरएस में जनपद को पूरे प्रदेश में छठीं वीं रैंक प्राप्त हुई। समस्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयावधि में किया गया। फीडबैक की श्रेणी में भी जनपद को शत प्रतिशत नंबर प्राप्त हुए। भूमि संबंधी विवादों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर निस्तारण कराया जाए। शिकायतकर्ता को अनावश्यक परेशान करने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में कहीं पर भी कोई भी व्यक्ति खुले में न सोए। सभी असहाय, गरीब और निराश्रितों के लिए रैन बसेरों एवं अलाव की पर्याप्त व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। गोआश्रय स्थलों में भी ठंड से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, डीएफओ गौतम राय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कृति राज, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक, एसडीएम सदर किंशुक श्रीवास्तव, तहसीलदार सदर विपिन द्विवेदी आदि मौजूद रहे।