मिर्जापुर। आगामी 28 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से धर्मावाला (उत्तराखंड) बॉर्डर पर दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई।
बैठक में सीओ बेहट प्रिया यादव एवं देहरादून के कोतवाली सहसपुर सीओ अनुज कुमार ने कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, शांति व्यवस्था, कानून व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर भंडारों के संभावित स्थानों को देखा। निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की ऊंचाई 10 फीट से अधिक नहीं होगी। साथ ही कांवड़ यात्रियों के स्नान एवं विश्राम की व्यवस्था धर्मावाला क्षेत्र में ही की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले कांवड़ यात्रियों के लिए रूट डायवर्जन की जिम्मेदारी उत्तराखंड पुलिस की होगी। तय किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए हर स्थिति पर सतर्क नजर रखी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में कोतवाली मिर्जापुर प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह, बादशाही बाग चौकी प्रभारी नरेश कुमार, कोतवाली सहसपुर प्रभारी प्रदीप सिंह रावत तथा धर्मावाला चौकी प्रभारी पंकज कुमार मौजूद रहे।