सहारनपुर के बड़गांव में जवाहर लाल नेहरू विश्व विद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष के शब्बीरपुर गांव में पहुंचने की सूचना पर पुलिस हलके में अफरातफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अफसर दौड़े आैर दिन भर गांव में डटे रहे।
पूरा दिन गांव के सभी मार्गों पर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। बाहर से आने वाले हर वाहनों की तलाशी ली गई तथा विशेष सतर्कता को लेकर एसपी देहात और सीओ देवबंद गांव में ही कैंप किए रहे। समाचार लिखे जाने तक जेनएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष गांव नहीं पहुंच पाए थे।
रविवार की सुबह दिल्ली जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष मोहित पांडेय के बड़गांव के गांव शब्बीरपुर में पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
आनन फानन ने जिला प्रशासन ने गांव को एक बार फिर छावनी में तब्दील कर दिया और गांव पहुंचने वाले सभी मार्गों पर भारी फोर्स तैनात कर हर वाहन की चेकिंग कराई।
एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, सीओ देवबंद सिद्धार्थ भारी फोर्स के साथ शब्बीरपुर गांव में दिन भर पल पल की घटनाओं की जानकारी लेते रहे। शाम साढ़े पांच बजे तक जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष गांव नहीं पहुंच सके थे।
एसपी देहात विधा सागर मिश्र का कहना है कि जिले में धारा 144 लगी हुई है किसी राजनीतिक व्यक्ति को अब गांव में घुसने नहीं दिया जाएगा।