सहारनपुर के देवबंद में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने बुधवार को रसूलपुर गांव पहुंचकर शब्बीरपुर जातीय हिंसा का शिकार हुए मृतक सुमित राणा के परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह का शोक संदेश भी परिजनों को सौंपते हुए हर संभव मद्द किए जाने का आश्वासन दिया। बुधवार को रसूलपुर गांव पहुंचे जयंत चौधरी ने कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।
यदि कोई मनमुटाव हो भी तो उसे मिल बैठकर दूर करें और समाज में मिसाल कायम करें। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और शब्बीरपुर जैसी घटनाएं योगी सरकार की विफलता के प्रतीक हैं।
चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री मोदी से लेकर पूरी भाजपा लॉबी ने कानून व्यवस्था की दुहाई देकर जनता को भ्रमित करने का काम किया। उन्होंने मथुरा में दो व्यापारियों के साथ हुई लूट की घटना को सरकार के मुंह पर करारा तमाचा लगना बताया। बोबी त्यागी, भूपेश्वर त्यागी, सचिन चौधरी, समरपाल सिंह, चौधरी अर्जुन सिंह, हाजी शोहराब आदि मौजूद रहे।
रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि गांव में रहने वाले सभी समाज के लोग आपस में एक-दूसरे का पूरक होते हैं। किसी का भी एक दूसरे के बिना कोई काम पूरा नहीं होता है। दोनों ही पक्षों को आपसी सूझबूझ से काम लेना चाहिए और झगड़ा कभी भी किसी के फायदे में नहीं होता है।
शब्बीरपुर गांव में हुए बवाल के तेरहवें दिन रालोद नेताओं का प्रतिनिधिमंडल जयंत चौधरी के नेतृत्व में शब्बीरपुर गांव पहुंचा। गांव के दोनों पक्षों के लोगों के यहां बारी-बारी से पहुंचकर नेताओं ने आपसी सद्भाव एवं तालमेल बनाने की बात कही।
उन्होंने बवाल पीड़ितों के जले हुए घरों और सामान को भी देखा। उन्होंने कहा कि मीडिया कई बार मामले को बढ़ा चढ़ाकर पेश करती है। मीडिया से दूर रहो।
उनके साथ पूर्व मंत्री योगराज सिंह, रालोद राष्ट्रीय महा सचिव त्रिलोक त्यागी, प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह, बिजेंद्र भाटी, डॉ. अनिल चौधरी, चौधरी
यशबीर सिंह, बोबी त्यागी, अनुज प्रमुख, भूपेश्वर त्यागी, नरेंद्र सिंह, शोयब गयास, पंकज राठी, रजनीश चौहान, अनिल गढ़ी, अर्जुन, सचिन चौधरी, गजेंद्र चौधरी, रालोद जिला अध्यक्ष अय्यूब हसन, अनिल चौधरी, वरूण त्यागी आदि मौजूद रहे। कैंसर से मरे अमर सिंह के घर भी पहुंच जयंत चौधरी ने परिजनों को सांत्वना दी।
उधर, दोपहर बाद रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष जवाहर लाल ने चौधरी कुलदीप बामल और हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अनिल बाबा के साथ गांव पहुंच कर ग्रामीणों से बातचीत कर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की।