सहारनपुर। अंबाला रोड पर चल रहे एक जन औषधि केंद्र पर औषधि निरीक्षक ने छापा मारा। इस दौरान केंद्र पर कई खामियां मिली, साथ ही जन औषधि सरकारी सस्ती दवाइयों का बोर्ड भी लगा मिला। इस पर नाराजगी जताते हुए औषधि निरीक्षक ने बोर्ड को उतरवाया। हालांकि सरकारी दवा नहीं मिली।
औषधि निरीक्षक आशुतोष चौबे अंबाला रोड पर चल रहे प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र जांच के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने दवाओं से लेकर क्रय-विक्रय बिलों की बारीकी से जांच की। इस दौरान केंद्र पर मालिक सुमित सैनी मौके पर नहीं मिला। कोई भी अभिलेख अपडेट नहीं पाए गए। दवाओं का बिल देने के लिए प्रिंटर भी केंद्र पर नहीं था। यहीं नहीं 10 दवाओं के क्रय बिल भी मौके पर नहीं मिले। बोर्ड पर जन औषधि सरकारी सस्ती दवाइयों को लिखा देखकर वह हैरान रह गए। बोर्ड को उतरवाया गया। क्योंकि सरकारी दवा की बिक्री जन औषधि केंद्र पर नहीं हो सकती। औषधि निरीक्षक ने चार दवाओं के नमूने लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया। मालिक को सभी अभिलेख प्रस्तुत करने और बिल देने के लिए प्रिंटर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।