- अंतरराज्यीय बस अड्डे के निर्माण पर खर्च होंगे 31.61 करोड़ रुपये, भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दिल्ली रोड पर शाकंभरी विहार के बाहर आईएसबीटी (अंतरराज्यीय बस अड्डा) बनेगा, जिसकी कवायद तेज हो गई है। परिवहन निगम खुद इसका निर्माण कराएगा। इस पर 31.61 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
महानगर में रेलवे रोड, कांशीराम कॉलोनी और मानकमऊ से रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है। पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने की वजह से तमाम बसें सड़कों पर खड़ी होती हैं, जिनकी वजह से यातायात प्रभावित रहता है। पिछले दिनों शासन की टीम ने दिल्ली रोड स्थित शाकुंभरी विहार कॉलोनी में जमीन का सर्वे किया था। तब शासन से जमीन खरीदने की हरी झंडी मिल गई थी। परिवहन निगम ने जमीन को खरीद लिया था। दिल्ली रोड स्थित शाकंभरी विहार कॉलेानी में 8013.95 वर्ग मीटर में अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण होगा। आठ मई में नगर विधायक राजीव गुंबर ने परिवहन मंत्री को पत्र लिखा था। इसके मद्देनजर परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक ने प्रमुख सचिव परिवहन विभाग को चिट्ठी लिखी। अवगत कराया कि बस अड्डे के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर लिया है, जिस पर 31 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे। काम वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना में शामिल है। पहले चर्चा थी कि बस अड्डे का निर्माण पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत होगा, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि परिवहन निगम खुद ही निर्माण कराएगा।
वर्जन
अंतरराज्यीय बस स्टैंड के निर्माण को लेकर प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही दिल्ली रोड स्थित शाकंंभरी विहार कॉलोनी में बस स्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। - योगेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन निगम