सहारनपुर। मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाए जाने पर औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में 54 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित किए हैं, जबकि आठ का लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। इन मेडिकल स्टोर पर दवाइयों की बिक्री का रिकॉर्ड नहीं मिला। यही नहीं बिना फार्मासिस्ट के भी चल रहे थे।
जिले में मेडिकल स्टोरों की जांच औषधि प्रशासन विभाग की टीम समय-समय पर करती रहती है। विभाग के अधिकारियों ने अप्रैल से जुलाई तक की रिपोर्ट जारी की। इन चार महीनों में 207 मेडिकल स्टोर, दवा फैक्टरियों की जांच की गई। जांच के दौरान 62 होलसेल और रिटेल के मेडिकल स्टोर ऐसे मिले, जिन पर न दवाइयाें की बिक्री का कोई रिकॉर्ड नहीं था और न ही वहां फार्मासिस्ट थे। यानि यह मेडिकल स्टोर बिना फार्मासिस्ट के ही संचालित हो रहे थे।
औषधि निरीक्षक संदीप कुमार की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त औषधि शशि मोहन गुप्ता ने 54 मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को निलंबित किया गया, जबकि आठ मेडिकल स्टोर के लाइसेंस रद्द किए। विभाग की इस कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में खलबली का माहौल है।
मेडिकल स्टोरों की समय-समय पर जांच होती है, जिन मेडिकल स्टोर पर अनियमितता मिलती है, उन पर कार्रवाई की जाती है। औषधि निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर 62 मेडिकल स्टोर के लाइलेंस निलंबित और रद्द किए गए हैं।
शशि मोहन गुप्ता, सहायक आयुक्त औषधि