सहारनपुर। जिला टास्क फोर्स की बैठक में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि बिना परिवहन प्रपत्र के गाड़ी में खनिज भरने वाले स्टोन क्रशर पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि खनिज से भरे वाहनों को चालक से पता किया जाए कि वह किस स्टोन क्रशर से सामग्री भरकर ला रहा है। बैठक में बताया गया कि दो चेक गेट पर जुलाई महीने तक 407 वाहनों से 1,36,73,170 जुर्माना वसूला गया है।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में क्रशर यूनियन के अध्यक्ष प्रदीप राणा ने कहा कि पहले जिस स्टोन क्रशर द्वारा बिना परिवहन प्रपत्रों के लिए गाड़ी को भरा जाता था उस पर खनन विभाग द्वारा पांच लाख रुपये का जुर्माना वसूला जाता था। जिसे अब वसूला नहीं जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने खान अधिकारी को निर्देश दिए कि यदि इस प्रकार को कोई प्रकरण पकड़ में आता है तो संबंधित स्टोन क्रशर से पांच लाख रुपये का जुर्माना अवश्य वसूला जाए। उन्होंने चेकिंग की वीडियो बनाने के भी निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर विपिन ताडा ने कहा कि अवैध खनन और अवैध परिवहन करने वालों को खनन माफिया घोषित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला खान अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने कहा कि जिला टॉस्क फोर्स द्वारा अवैध खनन और अवैध परिवहन पर 24 घंटे छह स्थलों पर निगरानी हो रही है। उन्होंने कहा कि जनपद में तीन महीने पहले जहां 400 से 500 वाहन खनिज का परिवहन कर रहे थे अब उसकी संख्या बढ़कर 900 से एक हजार हो गई है। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने तक 40.49 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि लक्ष्य 36.60 करोड़ रुपये का था।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस बार 28.57 करोड़ रुपये अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। प्रवर्तन कार्य में 144 वाहनों से 75.43 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। दो चेक गेट पर जुलाई महीने तक 407 वाहनों से 1,36,73,170 जुर्माना आरोपित कर सरकारी कोष में जमा कराया गया है। शेष 569 वाहनों द्वारा 3,81,32,720 रुपये का जुर्माना जमा नहीं करने के कारण काली सूची में डाल दिया गया है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, सभी उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी संयुक्त खान निदेशक डॉ. एनके दास आदि मौजूद रहे।