संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को दिल्ली रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नौ स्कूली बसों का चालान बीमा व प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर किया। इसके साथ ही कम उम्र में वाहनों का प्रयोग करने वाले विद्यार्थियों की जांच की।
संभागीय परिवहन अधिकारी देवमणि भारतीय के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रर्वतन द्वितीय दल महेंद्र बाबू गुप्ता व यात्रीकर अधिकारी खेमानंद पांडेय ने दिल्ली रोड पर स्कूल वाहनों चेकिंग की। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने स्कूल वाहनों और दोपहिया वाहन का प्रयोग करने वाले कम उम्र के विद्यार्थियों की जांच की। चालकों का लाइसेंस मौके पर प्रस्तुत नहीं करने, बीमा प्रमाण पत्र, प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर नौ स्कूली बसों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही दो मैजिक वाहन, नौ बाइक, एक टेंपो का भी चालान किया गया।
एआरटीओ महेंद्र बाबू गुप्ता ने बताया कि यह अभियान स्कूल खुलने और बंद होने के समय लगातार चलाया जाएगा। सभी स्कूल वाहन स्वामी और प्रबंधक अपने स्कूली वाहनों के सभी प्रपत्र पूर्ण कराकर ही वाहनों का संचालन करें। सभी अभिभावक अपने कम उम्र के बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। जिससे उनके जीवन की रक्षा हो सके।