सहारनपुर। नेहरू मार्केट में बार-बार धंस रही स्मार्ट रोड पर जांच बैठ गई है। स्मार्ट सिटी सहारनपुर के सीईओ/नगरायुक्त संजय चौहान ने मुख्य अभियंता निर्माण को जांच के आदेश दिए हैं।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में 23 किलोमीटर सड़कों को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें सबसे बुरा हाल नेहरू मार्केट में श्रीराम चौक से घंटाघर तक बनाई गई स्मार्ट रोड का है, जो बीते तीन महीने में तीन ही बार धंस चुकी है। श्रीराम चौक से नाले की पुलिया तक करीब 70 मीटर की एक साइड धंस गई है। इसके साथ फुटपाथ को भी नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा घंटाघर से पहले दो जगह सड़क में गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनसे वाहनों को झटका लग रहा है। बीते करीब पांच दिन से नेहरू मार्केट की सड़क बुरी तरह धंसी हुई है। इसमें ई-रिक्शा के पलटने से हादसा हो चुका है, जिसमें तीन साल के बच्चे का पैर तक टूट चुका है। बिजली का खंभा झुककर एक बिल्डिंग पर टिका हुआ है।
इन तमाम समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने 13 जनवरी को प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया। इसे सीईओ/नगरायुक्त संजय चौहान ने गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश मुख्य अभियंता बीके सिंह को दिए हैं।
गजब:-मिट्टी से भर दिए गड्ढे
करोड़ों रुपये की स्मार्ट सिटी योजना के तहत तैयार की गई स्मार्ट रोड के गड्ढों का स्थाई समाधान करने की बजाय उनको मिट्टी से भरा गया है। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद सोमवार को ही कुछ मजदूर मिट्टी लेकर पहुचे और गड्ढों को भरा गया। गड्ढों को मिट्टी से भरने को लेकर लोग हैरान हैं। उनका कहना है कि टूटी सड़क का स्थाई समाधान हो। जांच कराने के साथ ही सड़क का पुन: निर्माण किया जाए, क्योंकि पैचिंग से सड़क की सूरत बिगड़ चुकी है।
सीईओ/नगरायुक्त लगातार स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। नेहरू मार्केट में स्मार्ट रोड के बार-बार धंसने पर जांच के आदेश दिए हैं। कल मौके पर जाकर जांच की जाएगी। - बीके सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण, स्मार्ट सिटी सहारनपुर