सहारनपुर। झारखंड की राजधानी रांची में हुई हिंसा के मामले में सहारनपुर 12 लोगों के शामिल होने की जानकारी के बाद खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। हालांकि, रांची पुलिस ने स्थानीय पुलिस से संपर्क नहीं किया है, लेकिन खुफिया विभाग अपने स्तर इनके बारे में जानकारी जुटाने में लगा है।
रांची में हुई हिंसा के मामले में सामने आया है कि जनपद में साजिश रची गई थी। यहां से बड़ी संख्या में रांची युवा हिंसा भड़काने गए थे। इनमें से रांची पुलिस ने 12 ऐसे आरोपियों की पहचान की है, जो सहारनपुर के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि इन आरोपियों को पकड़ लिया गया है, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी नहीं है। रांची में हिंसा भड़काने के लिए सहारनपुर से युवकों की दो टीमें गई थीं, जो सात जून को रांची पहुंच गए थे। पूरे मामले को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। ऐसी बातें लगातार रांची पुलिस की जांच में सामने आई हैं। इसके बाद स्थानीय खुफिया तंत्र अलर्ट हो गया है। पता लगाया जा रहा है कि आरोपी जिले में कहां-कहां के रहने वाले हैं। हालांकि, झारखंड पुलिस ने इस संबंध में स्थानीय पुलिस से कोई संपर्क नहीं किया है। एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि झारखंड पुलिस मदद मांगेगी तो पूरा सहयोग किया जाएगा। स्थानीय खुफिया तंत्र अपने स्तर से पड़ताल कर रहा है। आरोपी कौन-कौन हैं और कहां के रहने वाले हैं, यह भी पता कराया जा रहा है।