चिलकाना। विद्युत निगम ने विद्युत चोरी रोकने, विद्युत उपभोक्ताओं के फोन नंबर एकत्र करने तथा डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने संबंधी निर्देश दिए हैं।
चिलकाना विद्युत उपग्रह केंद्र पर आयोजित बैठक में उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत बिंद ने क्षेत्र के सभी जेई तथा टीजीटू से कहा कि विद्युत लाइनों में बिजली की चोरी को रोकना एक प्रमुख समस्या है। सभी जेई अपने अपने क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के उपाय करें। यदि कहीं चोरी पाई जाती है, तो ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के फोन नंबर अभी तक विभाग में सुरक्षित नहीं किए जा सके हैं, उनके नंबर सुरक्षित किए जाए, ताकि उपभोक्ताओं को सीधे जानकारी दी जा सके।
एसडीओ ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों नए कनेक्शन लेने के बाद अभी तक बिल जमा नहीं कराए हैं, उनके बिलों की रकम को किस्तों में जमा कराना सुनिश्चित किया जाए।
एसडीओ ने सभी जेई तथा टीजीटू को ऐसे उपभोक्ताओं को चयनित करने के निर्देश दिए, जिनके घर अभी तक मीटर नहीं लगाए गए हैं, ताकि वहां मीटर लग सकें। एसडीओ ने सभी विद्युत कर्मचारियों को विद्युत चोरी रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान चिलकाना तथा पिलखनी बिजलीघर के जेई मनोज गिरि, सलेमपुर गदा के प्रमोद कुमार, गाठेड़ा तथा जैन बाग देहात के पंकज मलिक, टीजीटू ओमपाल, ईश्वरचंद, प्रमोद कुमार, नवल किशोर सहित सभी लाईनमैन उपस्थित आदि रहे।