- एसबीडी जिला अस्पताल में रोज भर्ती हो रहे 25 से 30 बच्चे
- ओपीडी में इलाज के लिए 150 बच्चे पहुंचे, अभिभावक चिंतित
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। दिनों दिन बढ़ती गर्मी से बच्चे उल्टी-दस्त की चपेट में आ रहे हैं। आलम यह है कि एसबीडी जिला अस्पताल की बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में छठा बच्चा उल्टी और दस्त से पीड़ित पहुंच रहा है। प्रतिदिन 25 से 30 बच्चे भर्ती हो रहे हैं। पहले जहां ओपीडी 70 से 80 के बीच थी, जो अब 150 तक पहुंच गई है। चिकित्सक गर्मी में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
तापमान में आ रही तेजी मरीजों का आंकड़ा भी बढ़ा रही है। असर बच्चों की सेहत पर ज्यादा देखने को मिल रहा है। बृहस्पतिवार को एसबीडी जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष में 140 से 150 के बीच बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा उल्टी-दस्त, खुजली और बुखार के रहे। भूतेश्वर रोड निवासी विकास कुमार की बेटी सिया शर्मा का बच्चा वार्ड में भर्ती है। विकास ने बताया कि उसकी बेटी को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। अस्पताल में भर्ती कराया तो उसे बुखार ही हो गया। इसके अलावा अन्य बेड़ों पर भी बच्चे भर्ती हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सफल कुमार ने बताया कि गर्मी बढ़ने से ओपीडी में बच्चों की संख्या बढ़ गई है। इनमें ज्यादातर बच्चे उल्टी-दस्त के अलावा बुखार के आ रहे हैं। बच्चों की हालत देखकर उन्हें भर्ती किया जा रहा है। रोजाना औसतन 25 से 30 बच्चे भर्ती होते हैं। तीन दिन पहले तो एक दिन में 48 बच्चों को भर्ती किया गया था। डिस्चार्ज से ज्यादा भर्ती की संख्या अधिक है।
ऐसे करें बचाव
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विरेंद्र भट्ट ने बताया कि इस मौसम में उल्टी-दस्त के साथ बुखार होने की आशंका ज्यादा रहती है। इससे बचाव के लिए साफ और ताजा पानी का सेवन करें। हल्का भोजन करें। इसके अलावा जूस, नारियल पानी, शिकंजी आदि पेय पदार्थ लेते रहें। कटे हुए फलों का सेवन नहीं करना चाहिए। यदि शरीर में कमजोरी महसूस हो तो साफ पानी में नमक और चीनी मिलाकर उसके घोल का सेवन करें। तेज धूप में बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दें। यदि निकलना जरूरी है तो पूरी बांह के हल्के रंग के कपड़े पहनाकर ही जाने दें। बच्चों को तरल पदार्थ अधिक से अधिक दें। बच्चे को दस्त हो जाए तो ओआरएस का घोल दें। पानी की कमी न होने दें। इससे फायदा न हो तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं। इसमें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।