राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करते कमिश्नर एवी राजमौलि डीआईजी श्री उपेन्द्र अग्रवाल डीएम अखि?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों से कहा कि बेडों की संख्या बढ़ाई जाए तथा ऑक्सीजन व जीवन रक्षक दवाओं को लेकर किसी तरह की दिक्कत मरीजों को नहीं होनी चाहिए। कोरोना संक्रमण से लड़ाई में हमारी तैयारी कई कदम आगे होनी चाहिए। टीम भावना से कार्य करके ही विजय हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट में और अधिक तेजी लाई जाए।
रविवार को मंडलायुक्त, पुलिस उपमहानिरीक्षक उपेंद्र अग्रवाल, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह और एसएसपी डा. एस चनप्पा ने राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड मरीजों का हाल जानने के साथ ही व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मंडलायुक्त ने कोविड बेडों की संख्या बढ़ाने, ऑक्सीजन एवं जीवन रक्षक दवाओं की अनवरत आपूर्ति में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी नागरिकों का कोविड टीकाकरण शुरू किया जाना है। यह टीकाकरण पूर्णतया नि:शुल्क होगा।
डीएम अखिलेश सिंह ने कहा कि कोविड मरीजों के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच की जाए। आरटीपीसीआर मशीन की यथा शीघ्र आपूर्ति कर जांच कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि एंबुलेंस के द्वारा मरीजों को पहुंचाने में अधिक समय नहीं लगना चाहिए। ऑक्सीजन एवं जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी समितियों से संवाद बनाकर उनसे लगातार फीड बैक प्राप्त किया जा रहा हैं।
मंडलायुक्त ने कोविड मरीजों का हालचाल जाना और मोबाइल से बात कर जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी, उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डीएस मरतोलिया आदि मौजूद रहे।