सहारनपुर। आयकर विभाग की टीम ने महानगर में उद्यमियों, कारोबारियों और सीए के यहां छापे मारे। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से महानगर के कारोबारियों में अफरातफरी मची रही। देर शाम तक छापे की कार्रवाई जारी रही।
आयकर विभाग की टीम की करीब दस से अधिक गाड़ियां बृहस्पतिवार की सुबह पांच बजे सहारनपुर पहुंची। गाजियाबाद, दिल्ली, देहरादून, आगरा, कानपुर आदि स्थानों के आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम ने अलग-अलग दस स्थानों पर छापा मारा है। जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने कोर्ट रोड स्थित नवीन ज्वेलर्स और उनके मालिक नवीन मित्तल के चर्च कंपाउंड स्थित आवास पर जाकर छापे मारे। आयकर की टीम ने शहद कारोबारी मेहता ब्रदर्स राजेश, मुकेश, संजय मेहता के लक्ष्मीनगर, सुभाषनगर आवास पर भी छापे की कार्रवाई की। इनका शहद का बड़ा कारोबार है जो पतंजलि और डाबर को शहद सप्लाई करते हैं। इनके गोदाम और होटल पर भी छापा मारा गया। एक टीम ने अहमदबाग में सीए संजय धींगड़ा के आवास पर भी छापा मारा है। इनके अलावा टीम ने लोहे के नट बोल्ट के कारोबारी मदनलाल भाटिया के यहां भी छापे की कार्रवाई की। टीम ने उनके लोहानी सराय स्थित दुकान, मिशन कंपाउंड स्थित आवास और देहरादून रोड पर राकेश केमिकल्स के पास स्थित गोदाम पर भी छापा मार कर दस्तावेज एकत्र किए। हार्डवेयर कारोबारी भाटिया का ट्रांसपोर्ट का कार्य ओम बापू ट्रांसपोर्ट से होता है। जानकारी पाकर आयकर विभाग की टीम ने ट्रांसपोर्टनगर स्थित ओम बापू ट्रांसपोर्ट और उसके मालिक संयम कक्कड़ के हकीकत नगर आवास पर भी जाकर छापा मारा।
जनपद के बड़े कारोबारियों, उद्यमियों के यहां आयकर विभाग के छापे पड़ने से महानगर के व्यापारियों, कारोबारियों में खलबली मची रही। छापे की कार्रवाई के दौरान टीम सभी संबंधित लोगों से से पूछताछ कर रही है। देर शाम तक सभी स्थानों पर आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। टीम में शामिल आयकर विभाग के अधिकारियों ने छापे के संबंध में कुछ भी बताते से इंकार कर दिया।
अंबाला रोड पर शहद कारोबारी के गोदाम में आयकर विभाग के छापे के दौरान तैनात पुलिस- फोटो : SAHARANPUR
अंबाला रोड लक्ष्मी शहद कारोबारी के घर पर आयकर विभाग के छापे के दौरान खड़ी गाड़ी- फोटो : SAHARANPUR
अहमद बाग में सीए संजय धींगड़ा के आयकर विभाग के छापे के दौरान खड़ी आयकर विभाग की गड़िया- फोटो : SAHARANPUR