नानौता स्थित मधुसूधन मिल्क प्लांट में छापे के दौरान नमूने लेते खाद्य विभाग की टीम
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर/नानौता। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को नानौता में मधुसूदन मिल्क प्लांट पर छापा मारा। इस दौरान दो नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
सहायक आयुक्त खाद्य (ग्रेड-2) पवन कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञानपाल सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम नानौता पहुंची। यहां रेलवे स्टेशन स्थित मधुसूदन मिल्क प्लांट पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए दूध और घी का एक-एक सैंपल भरा। इसके बाद दोनों सैंपलों का सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई करेगा। सहायक आयुक्त खाद्य (ग्रेड-2) पवन कुमार ने बताया कि प्लांट का औचक निरीक्षण किया गया, ताकि दूध और घी की जांच कराकर गुणवत्ता को परखा जा सके। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार, रणधीर सिंह, राजीव कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।