विवाह समारोह से घर लौट रहे बाइक सवार दो युवक मंगलवार रात बिजली के खंभे से टकरा कर गंभीर घायल हो गए। बुधवार की अल सुबह पुलिस सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। समय से उपचार न होने और खून अधिक बहने से दोनों की मौत हुई है। दोनों युवक यमुनानगर (हरियाणा) के रहने वाले थे। इनमें से एक कैटरिंग ठेकेदार था।
बुधवार सुबह पांच बजे के करीब थाना पुलिस को सूचना मिली अंबाला रोड पर गुरुदयाल ढाबे के पास सड़क किनारे दो युवक लहूलुहान हालत में पड़े हुए है। सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी के मुताबिक दोनों युवकों की मौत हो चुकी थी।।
समीप ही बिजली के खंभे के पास उनकी पल्सर बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी। दोनों के शरीर पूरी तरह अकड़ गये थे तथा आसपास बिखरा पड़ा खून भी जम चुका था। अनुमान लगाया कि रात में किसी समय खंभे से टकराकर दोनों घायल हुए होंगे और समय से उपचार न मिलने पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक युवक की जेब से मिले मोबाइल के आधार पर उसकी शिनाख्त हरियाणा के अंबाला जिले के यमुनानगर की दशमेश कालोनी निवासी वकुल शर्मा उर्फ चमकीला (25) के रूप में हुई। फोन पर उसके भाई अभिषेक शर्मा ने बताया कि वकुल कैटरिंग ठेकेदार था। दूसरा युवक यमुनानगर का ही राजू थो, जो उसके भाई के साथ सहयोगी के रूप में रहता था।
यह भी बताया कि दोनों कई दिनों से सहारनपुर में किसी विवाह में लगे थे। मंगलवार रात उन्होंने 11 बजे मोबाइल पर बताया था कि वे यमुनानगर के लिए निकल चुके है। उसके बाद दोनों का कोई फोन नही आया। हादसे के बाद दोनों युवकों के परिवार में कोहराम मच गया था और परिजन सहारनपुर में पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए थे।
हेलमेट होता तो शायद बचती जान ः सरसावा। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आकर अनियंत्रित हुई होगी और बिजली के खंभे से टकरा गई होगी। दोनों ही मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था। दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई थी। मौत की वजह भी यहीं रही। हेलमेट भी नहीं पहना था।
हवाई साबित हुए पुलिस के दावे ः सरसावा। थाना पुलिस रात भर हाइवे पर गश्त करती है। संभावना जताई जा रही है कि हादसा मंगलवार की रात 11 बजे के बाद ही हुआ है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या हाइवे पर रात भर पेट्रोलिंग की दावा करने वाले पुलिस को भी सड़क किनारे पड़े शव नहीं दिखाई दिए।
नगदी और मोबाइल भी गायब ः सरसावा। हादसे के बाद अमानवीय चेहरा भी सामने आया। परिजनों के मुताबिक दोनों के पास से मौजूद नकदी और मोबाइल भी गायब मिले है। अभिषेक के मुताबिक उसके भाई के पास दो मल्टीमीडिया फोन थे। एक फोन राजू के पास था। पुलिस को मौके पर एक ही फोन मिला।
जबकि वकुल की जेब में ठेकेदारी के करीब 21 हजार रुपये भी थे, वे भी गायब है। आशंका जताई जा रही घटनास्थल पर जमा हुई भीड़ में से किसी ने मोबाइल और नगदी निकाल ली। हालांकि मौके पर मौजूद भीड़ में से एक शख्श ने दावा कि वह रुपये निकालने वाले को जानता है।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
नानौता क्षेत्र में बुधवार को ग्राम भारी दीनदारपुर निवासी मेहंदी हसन का 22 वर्षीय पुत्र मुर्सलीन अपनी बाइक पर सवार होकर नानौता से शामली की ओर जा रहा था। शाम करीब चार बजे जब वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित ग्राम बकडौली के निकट पहुंचा तो एक कार उसकी बाइक से टकरा गई।
लोगों के अनुसार वह कई फिट उछल कर सड़क पर गिरा। पुलिस घायल मुर्सलीन को सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद कार चालक और उसमें सवार दंपति मौके से फरार हो गए। कार पर मजिस्ट्रेट लिखा हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे मृतक पक्ष के शब्बू राव, नवाब मलिक, सभासद पति वकील मलिक, गुल्लू मलिक, मुस्तफा, अनीस, इंतजार आदि ने थाने पर जम कर हंगामा किया।
आरोप था कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। नगर पंचायत चेयरमैन अफजाल खान व ब्लाक प्रमुख पति ऋषिपाल राणा पीड़ित पक्ष की तरफ से थाने पर डटे थे। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार यादव ने बताया कि आरोपियों को बचाने का आरोप मिथ्या है। अभी मृतक पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं आई है।
कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि युवक सऊदी अरब में काम करता था। 20 दिन पूर्व ही दो महीने की छुट्टी आया था। उसके ज्यादातर परिजन भी वहीं काम करते हैं। वह अपने पीछे पत्न? और सात माह के बेटे को छोड़ गया है।