सहारनपुर के कोतवाली बेहट क्षेत्र के मुर्तजापुर गांव में रात में सोते हुए मां-बेटे पर जानलेवा हमला किया गया। दोनों की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने मां-बेटे को डंडों से बुरी तरह पीटा और मृत समझकर भाग निकले। मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। मौके पर खून के निशान भी मिले हैं।
Meerut : गीजर की गैस से हो रहे हादसे, इंजीनियर की पत्नी की दम घुटने से मौत, रखें ये खयाल
घटना शनिवार रात ढाई बजे की है। गांव मुर्तजापुर निवासी मामराज किसी काम से प्रयागराज गया हुआ है। घर मे उसका बेटा सन्नी उर्फ कन्हैया (28), पत्नी मछला (50) व पुत्रवधू थी। आधी रात के बाद चार हमलावर घर में घुसे और बेटे पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसका सिर और मुंह बुरी तरह से कुचला गया है।
चिल्लाने की आवाज सुनकर बचाने दौड़ी उसकी मां पर भी हमलावरों ने डंडों से वार किए। वहीं, पुत्रवधु ने हमलावरों से बचकर मकान की छत पर चढ़कर शोर मचाया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए।
हमलावर बदमाश भीड़ को आता देख मां-बेटे को मरा हुआ समझकर भाग निकले। ग्रामीणों ने 108 पर कॉल कर एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस उसे सीएचसी ले गई। यहां से दोनों को हालत गंभीर होने के चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने कोतवाली के सरकारी नंबर पर भी कॉल की लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। रविवार की सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर है। उनके बयान और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।