महशूर शायर राहत इंदौरी की याद में मोहल्ला छत्ताजंबूदास में आयोजित मुशायरे में विचार रखते शायर।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। प्रसिद्ध शायर राहत इंदौरी की याद में अलविदा राहत इंदौरी श्रद्घांजलि सभा और मुशायरे का आयोजन किया गया, जिसमें राहत इंदौरी को श्रद्घांजलि देते हुए शायरों अपने कलाम पेश किए।
मोहल्ला छत्ता जंबूदास स्थित सभागार में अंजुमन तरक्की उर्दू संस्था के तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके संयोजक उर्दू तालिमी बोर्ड में महासचिव दानिश सिद्दीकी रहे। उन्होंने कहा कि लोगों के दिलों में राहत इंदौरी आज भी जिंदा है। उन्होंने राजनीतिक, देेश के घटनाक्रम, मोहब्बत, तल्खी सहित तमाम पहलुओं को अपनी रचनाओं में पेश किया है। कार्यक्रम अध्यक्ष सज्जाद हुसैन एडवोकेट ने शमा रोशन करते हुए कहा कि राहत साहब में वो हुनर था कि वह हर उम्र के लोगों को अपना बना लेते थे। इसके पश्चात मुशायरे का आगाज आबिद हसन वफा सहारनपुर ने नात-ए-पाक से किया। उन्होंने कहा कि हल भी हो जाएंगे सब मसले आ जाइये, फात्मा जेहरा की चादर के तले। मंसूर राना ने पढ़ा कि सुखनवर तो हजारों हैं अदब की भीड़ में राना, मगर राहत के जैसा कोई हो नहीं सकता। बरकत ने कहा कि वो जिंदगी मिली है ना हरगिज मरेंगे अब, मुल्के अदम में शायरी राहत करेंगे अब। सूफियान फलाही ने कहा कि यह दुआ है कब्र में तुझे राहत नसीब हो राहत। अब्दुल वहाब ने कहा अपनी शायरी में तो वह जिंदा हैं, कौन कहता है मर गए राहत। तत्पश्चात अंजुम सिद्दीकी, राफे सिद्दीकी, हकीम इमरान, नवेद उल हक सिद्दीकी, राव रमीज ने दुआएं मगफिरत की।