संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। मंगलवार को सपा विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस कर सांसद को खुली चुनौती दे डाली। कहा कि यदि कोई गलतफहमी है तो सांसद इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में आकर दिखाएं। जनता उनका फैसला खुद करेगी। उन्होंने सांसद को भाजपा का स्लीपर सेल भी बताया।
सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में सहारनपुर देहात क्षेत्र से सपा विधायक आशु मलिक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी स्वयं कह चुके हैं कि उनकी पार्टी के कुछ नेता भाजपा के लिए कार्य कर रहे हैं। सांसद इमरान मसूद पता नहीं किस जांच के दबाव में पीडीए की लड़ाई को कमजोर कर रहे हैं। सांसद के एक वायरल वीडियो पर विधायक बोले कि हमने कभी पहल नहीं की है।
सांसद जिस भाषा में बात करेंगे उसी में जवाब दिया जाएगा। कटाक्ष करते हुए कहा कि किसी को राजनीतिक भविष्य बर्बाद करना हो तो शहर में दो लोग घूम रहे हैं उनसे आकर मिल लें।
उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को दी जाएगी। इस मौके पर विधायक उमर अली खान, पूर्व विधायक माविया अली, जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, प्रदेश सचिव चौधरी मजाहिर राणा, प्रवीण बांदूखेड़ी आदि मौजूद रहे।