अवैध निर्माण सील करते एसडीए कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर महानगर में बिना मानचित्र किए जा रहे निर्माण पर विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई की। एसडीए की टीमों ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण पर सील लगाई। निर्माणकर्ताओं को 15 दिन का समय दिया गया है। मानचित्र पास नहीं कराने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी।
विकास प्राधिकरण के सचिव सत्य प्रकाश ने बताया कि डिफेंस कॉलोनी में साहिल नामक व्यक्ति द्वारा बिना मानचित्र के तीन कमरों और एक हॉल का निर्माण कराया गया। सूचना पर टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो निर्माणकर्ता नक्शा नहीं दिखा सका।
टीम ने अवैध निर्माण को सील कर दिया गया। गांव दूधला निवासी सोनू द्वारा दाबकी रोड पर बिना मानचित्र के दो दुकानों का निर्माण कराया गया। इन दोनों दुकानों को सील किया गया। इसी तरह नदीम कॉलोनी निवासी इखलाक ने व्यवसायिक हॉल का निर्माण किया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर नक्शा मांगा तो वह नहीं दिखा सका। हॉल पर एसडीए की टीम ने सील लगा दी। निर्माणकर्ताओं को नक्शा पास कराने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। सचिव ने बताया कि मानचित्र पास ना कराने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून रोड स्थित टीपी नगर में अवैध रूप से कब्जा करने वाले दुकानदारों को विकास प्राधिकरण ने नोटिस दिया है। एसडीए सचिव सत्य प्रकाश ने बताया कि टीपीनगर में 18 लोगों ने बिना आवंटन के दुकानों पर कब्जा किया हुआ है। इन लोगों को बृहस्पतिवार को नोटिस जारी किया गया है। शुक्रवार तक अगर दुकानों को खाली नहीं किया तो विभाग कार्रवाई करेगा।