सहारनपुर। कांशीराम कॉलोनी निवासी अनुसूचित जाति के युवक आदेश के माथे पर त्रिशूल का निशान बनाए जाने के मामले में युवक और उसके परिजनों के साथ बसपा नेता और कार्यकर्ता बृहस्पतिवार को एसपी सिटी से मिले और मामले की पुन: जांच की मांग की गई। उन लोगों ने कहा कि युवक को इंसाफ नहीं मिला है और इसके लिए समाज सड़कों पर भी उतर सकता है। वहीं, पीड़ित की मां ने भी इंसाफ न मिलने पर परिवार सहित आत्महत्या की चेतावनी दी। पुलिस पहले ही तेजाब से निशान बनाए जाने की बात को नकार चुकी है। एसपी सिटी ने प्रकरण की जांच सीओ के सुपुर्द की है।
कांशीराम कॉलोनी निवासी आदेश कुमार ने कुछ युवकों पर तेजाब से उसके माथे पर त्रिशूल का निशान बनाने और चेहरे पर भी हैपी होली लिखने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आदेश के साथ ही तीन युवकों का मेडिकल कराया तो चेहरे पर होली के रंग लगाए जाने के कारण रिएक्शन होने की बात सामने आई थी। बृहस्पतिवार को इसके खिलाफ पीड़ित युवक और उसके परिजनों को साथ लेकर बसपा और अन्य नेता पुलिस लाइन में एसपी सिटी राजेश कुमार से मिले। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद ने मांग की कि मामले की पुन: जांच कराई जाए। इनके साथ मौजूद सांसद पुत्र मोनिश रजा ने भी मांग की कि दोबारा पीड़ित युवक का मेडिकल कराया जाए और आरोपियों पर कार्रवाई की जाए। वही मौजूद पार्षद अनिल कुमार का कहना था कि यदि पीड़ित युवक को इंसाफ नहीं मिला तो समाज सड़कों पर भी उतर सकता है। इसके अलावा पीड़ित की मां सीता का कहना था कि यदि उसके पुत्र को इंसाफ नहीं दिया गया और आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वह परिवार सहित ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लेगी। एसपी सिटी राजेश कुमार का कहना था कि पुलिस पहले ही पूरे मामले की जांच कर चुकी है और जिन युवकों को आरोपी बताया गया है उनके चेहरे पर भी रंगों से रिएक्शन हुआ है। ऐसे में स्वयं कोई अपने चेहरा क्यों खराब करेगा। फिर भी वह इस प्रकरण की दोबारा से जांच कराते हैं। एसपी सिटी ने सीओ को प्रकरण की जांच सौंपी है। इस दौरान पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, पीड़ित की पत्नी मीरा, भाई मोनू व अन्य परिजनों के अलावा काफी संख्या में समाज के लोग भी साथ रहे।