सहारनपुर में कोर्ट रोड पर लगा जाम जाम में फंसी छात्राएं साइड से निकल कर जाती छात्राएं
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा संपन्न होने के साथ ही पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के लिए लगाई गई बंदिशों को बुधवार को हटा लिया। इसके साथ ही आठ दिन बाद स्कूल खुले, जिससे महानगर में चहल-पहल देखी गई। वहीं, शहर के कई क्षेत्रों में जाम की स्थिति रही, जिससे नागरिकों के अलावा स्कूली बच्चों को भी परेशान होना पड़ा है।
कांवड़ यात्रा 14 जुलाई से शुरू हुई थी। इसको लेकर पुलिस ने रूट भी डायवर्ट कर दिया था। इसके साथ ही देहरादून और अंबाला रोड (कांवड़ यात्रा मार्ग) स्थित गलियों के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर रास्तों को बंद किया गया था। कांवड़ियों के अलावा नागरिकों के वाहनों के लिए अलग से व्यवस्था की गई थी और निर्धारित रूट से ही लोगों को आने-जाने दिया गया।
मंगलवार को कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद बुधवार को पुलिस-प्रशासन ने सभी बंदिशों को भी हटा लिया, जिससे नागरिकों ने राहत की सांस ली। बैरिकेडिंग हटाकर सड़कों को आवागमन के लिए खोल दिया गया। वहीं, कांवड़ यात्रा के मद्देनजर 19 से 26 जुलाई तक प्रशासन ने सभी स्कूल कॉलेज बंद रखने के लिए निर्देश दिए थे। आठ दिन बाद बुधवार को स्कूल भी खुल गए। इससे महानगर में चहल-पहल देखी गई, लेकिन जाम की समस्या से शहरवासियों को जूझना पड़ा। स्कूलों की छुट्टी के समय दोपहर में कलक्ट्रेट तिराहा, कोर्ट रोड पुल, जिला अस्पताल पुल, नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, दाल मंडी पुल, कंबोह का पुल सहित अनेक इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। जाम में फंसकर स्कूली बच्चों को भी परेशान होना पड़ा है। यातायात पुलिस के साथ थाना पुलिस ने जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।