सहारनपुर। जमातियों के बाद अब प्रवासी कामगार कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं। ऐसे में बाहर से आने वाले प्रवासियों को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुपचुप तरीके से आकर रहने वालों पर एफआईआर कराने का निर्णय लिया गया है। ऐसा होने पर निगरानी समिति, नोडल अधिकारी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी जिम्मेदार माना जाएगा। नागरिकों से सहयोग की अपील निगम ने की है।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि दूसरे राज्यों या शहरों से आकर लोग अपने घरों पर चुपचाप रहने लगे हैं। इनकी वजह से कोरोना वायरस के फैलने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में जो भी व्यक्ति बाहर से शहर में आ रहा है। उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह इसकी जानकारी दे। यदि वह ऐसा नहीं करता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर कराई जाएगी। साथ ही निगरानी समिति, नोडल अधिकारी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी को भी इसके लिए जिम्मेेदार माना जाएगा। नगरायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आस पड़ोस में कोई व्यक्ति बाहर से आकर रहता है तो उसकी सूचना तुरंत निगरानी समिति या नगर निगम के कंट्रोल रूम को दें। इसके बाद उक्त व्यक्ति को क्वारंटीन कराया जाएगा, जिससे अन्य व्यक्तियों को कोई खतरा ना हो। उन्होंने थाना प्रभारियों से निगरानी समितियों को सहयोग करने की अपील की।
शहर को सैनिटाइज किया
सहारनपुर। ईद उल फितर के मौके पर नगर निगम ने महानगर में युद्ध स्तर पर सफाई, चूना छिड़काव और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। नगरायुक्त की मौजूदगी में जामा मस्जिद, चौक फव्वारा, सब्जी मंडी, नेहरू मार्किट, शहीदगंज व श्रीराम चौक के अलावा हॉट स्पॉट क्षेत्रों वाले वार्ड व अन्य संवेदनशील वार्डों में सैनिटाइजेशन कराया गया।