सहारनपुर। वैसे अभी बाजार खोलने को लेकर कोई गाइड लाइन जारी नहीं हुई है, लेकिन कारोबारियों को उम्मीद है कि जून माह में बाजार खुल सकते हैं। 18 जुलाई तक 22 से अधिक शादियों के शुभ मुहूर्त हैं, जिस लोग बाजारों में खरीदारी करने निकलेंगे। इससे कारोबार के साथ ही जिंदगी भी रफ्तार पकड़ेगी और बाजारों में रौनक लौट आएगी। शादियों का अच्छा साया होने की वजह से होटल, सराफा, कपड़ा, फूल, बैंडबाजा और डीजे आदि के कारोबारियों को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद लगी है।
खुले बाजार तो पटरी लौटे होटल कारोबार
पिछले वर्ष हुए लॉकडाउन की बाद से होटल के कारोबार पर ब्रेक लगा है। इस बार भी कोरोना कर्फ्यू लग गया। शादियों का अच्छा साया चल रहा है। ऐसे में अगर छूट मिली और बाजार खुले तो उन्हें अच्छा कारोबार होने की संभावना है। -- सरदार चिराग सिंह, होटल कारोबारी जीपीओ रोड
ईद की मंदी अब हो जाएगी दूर
बाजार खुलने से कपड़ा कारोबारियों को काफी उम्मीदें है। क्योंकि, ईद का सीजन भी कोरोना कर्फ्यू के बीच मंदा ही निकल गया। अब गर्मी के मौसम के कपड़े बाजार आए हुए हैं, जिनकी लोग खरीदारी कर सकेंगे। शादियों का अच्छा मुहूर्त होने की वजह से खूब खरीदारी होने की संभावना है। उनकी अपील है कि बाजार खुलने पर कोविड गाइडलाइन का पालन करें। -- रविकांत चड्ढा, कपड़ा कारोबारी
अच्छा होगा सोना-चांदी का कारोबार
बाजार बंद होने से सोना-चांदी के कारोबार पर काफी फर्क पड़ा है। लोग शादियों के लिए भी जेवरात नहीं खरीद पाए हैं। एक जून से बाजार खुलने पर उन्हें अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। यह सबके लिए फायदेमंद होगा। -- गौतम शंकर सिंघल, सराफा कारोबारी , कोर्ट रोड
बैंडबाजा, टेंट, डीजे कारोबारियों को मिलेगी बड़ी राहत
बैंडबाजे, सजावट, टेंट, डीजे और घोड़ा बग्घी का कारोबारी पूरी तरह चौपट है। इन दिनों शादियों के खूब साए हैं, जिनकी उनके पास पहले बुकिंग आई थी, जो अब बाद में कोरोना कर्फ्यू वजह से कैंसिल हो गई। बाजार खुल गए और शादी समारोह की छूट मिली तो बैंडबाजा, सजावट, टैंट सहित सभी तरह का कारोबार रफ्तार पकड़ेगा और कारोबारियों को काफी राहत मिलेगी।
-- अब्दुल गफ्फार, बैंडबाजा मालिक, कोर्ट रोड