सहारनपुर। मैं बैरी सुग्रीव पिआरा, अवगुन कवन नाथ मोहि मारा। महानगर की रामलीलाओं में सुग्रीव मित्रता और बालि वध की लीला मंचन हुआ। प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
रामलीला मंचन में प्रभु श्रीराम का बाण लगने पर बाली अचेत होकर जमीन पर गिर गया। बालि ने घायल अवस्था में प्रभु श्रीराम से कहा कि हे गोसाईं, आपने धर्म की रक्षा के लिए अवतार लिया है और मुझे धोखे से मारा है, प्रभु बताओ मैं बैरी और सुग्रीव क्यों प्यारा है। हे नाथ आपने किस दोष की सजा दी है। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने बालि को जवाब देते हुए कहा कि हे मूर्ख, सुन छोटे भाई की पत्नी, बहन, पुत्र की स्त्री और कन्या ये चारों समान हैं। इन्हें जो कोई बुरी दृष्टि से देखता है, उसे मारने में कुछ भी पाप नहीं है।
इसी के तहत गांधी पार्क स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर क्लब, श्री कृष्ण राम नाटक क्लब जुबली पार्क, उत्तर रेलवे नाटक क्लब माल गोदाम रोड, श्री आशुतोष मंदिर क्लब गुरुद्वारा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के मैदान पर सुग्रीव मित्रता और बालि वध का मंचन हुआ। इसके अलावा हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान, ब्रह्मपुरी कॉलोनी, लेबर कॉलोनी और खलासी लाइन स्थित छोटी लाइन के पास चल रही लीला बालि वध की लीला दिखाई गई।
इसी तरह मानकमऊ स्थित रामलीला, सुपर क्लब रामलीला नुमाइशकैंप, भारतीय कला संगम रामलीला सभा टीटू कॉलोनी , भारतीय कला मंच रामलीला सभा गोविंदनगर मैदान, साेशल यूथ क्लब रेलवे कॉलोनी में भी यही मंचन हुआ। प्राचीन रामलीला बेहट अड्डा स्थित रामलीला मैदान पर भरत मिलाप की लीला का मंचन हुआ है।