सहारनपुर। कारें खरीदने और बेचने वाली एक कंपनी द्वारा प्रदर्शित विज्ञापन को पुरुष समाज के लिए हास्यास्पद बताते हुए सहारनपुर के युवक ने एएससीआई (एडवरटाइजिंग स्टैंडर्ड काउंसिल ऑफ इंडिया) में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विज्ञापन का वह हिस्सा हटा दिया गया।
शिकायतकर्ता राघवपुरम निवासी वैभव कांबोज ने बताया कि इस विज्ञापन में दो महिलाएं कार खरीदने बेचने वाली कंपनी के लाभ बताती हैं और हंसते हुए कार की तुलना पति से करते हुए कहती हैं कि यह फीचर हम 100 प्रतिशत कॉपी करेंगे और पति पसंद नहीं आया तो सात दिन में वापस। उन्हें यह विज्ञापन देखकर बहुत बुरा लगा, क्योंकि यह पुरुष समाज के लिए हास्यास्पद संदेश देता है। वैभव ने व्हाट्सएप नंबर के जरिए एएससीआई को गत 03 मई को शिकायत भेजी, जिस पर एएससीआई ने इसका संज्ञान लिया और 04 जून को ईमेल भेजकर बताया कि विज्ञापन से वह हिस्सा हटाने का निर्देश दे दिया गया है। इसके बाद उक्त विज्ञापन से वह हिस्सा हटा लिया गया है।
वैभव ने बताया कि एक वर्ष पूर्व भी उन्होंने एक पेंट्स कंपनी के विज्ञापन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें क्या हाल है चुन्नीलाल शीर्षक वाले विज्ञापन में महिला अपने पति को थप्पड़ मारती है। उसकी शिकायत होने पर विज्ञापन से वह हिस्सा भी हटाया गया था।