साढ़ौली कदीम। रजबहे में पानी की अधिकता से क्षेत्र के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से रजबहे में पानी कम किए जाने की गुहार लगाई है। क्षेत्र के आलमपुर रजबहे में पिछले तीन माह से पानी नहीं था। बृहस्पतिवार को बारिश होते ही रजबहे में पानी छोड़ दिया गया। इससे रसूलपुर, कवादपुर, कम्बोहमजरा, शेखपुरा एवं मीरपुर आदि गांवों के किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। किसान योगेंद्र सिंह, नितिन कुमार, रविंद्र कुमार, श्याम कुमार, अरविंद सिंह, श्यामलाल, सुरेश पाल, ताहिर, आलिम आदि का कहना है कि रजबहे की विभागीय कर्मियों ने लंबे समय से कोई सफाई तक नहीं कराई है। जब फसलों में पानी की आवश्यकता होती है, तब रजबहे में पानी नहीं मिल पाता तथा जब आवश्यकता नहीं होती तो रजबहे में पानी अधिक मात्रा में छोड़ दिया जाता है। किसानों ने रजबहे में पानी कम किए जाने की मांग की है। उधर जेई नफीस मलिक का कहना है कि किसानों की सूचना पर रजबहे में पानी की मात्रा कम करा दी गई है।