सहारनपुर। भैया दूज पर्व पर यात्रियों का सफर बड़ा मुश्किलों भरा रहा। ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ रहने के कारण सीट पाने के लिए मारामारी मची रही। सभी ट्रेनें फुल होकर चलीं। देहात के मार्गों पर पर्याप्त बसें नहीं मिलने के कारण लोगों को प्राइवेट वाहनों से सफर तय करना पड़ा। ऐसे में महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
त्योहार के सीजन में ट्रेनों में पहले से भी भारी भीड़ चल रही है। छठ पूजन के लिए यहां से लेकर अपने शहरों को जा रहे है। ऐसे में बृहस्पतिवार को भैयादूज पर्व पर ट्रेनों में यात्रा करना परेशानी भरा रहा। तमाम ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, देहरादून- सहारनपुर एक्सप्रेस, अमृतसर जन सेवा एक्सप्रेस, श्री गंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस, गाजीपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ रही। ट्रेन में सवार होने के लिए यात्रियों में मारामारी मची रही। ये ही हाल अंदर सीट पाने का रहा। ट्रेन आते ही यात्री दौड़ लगा कर चलती ट्रेनों में सवार होते देखे गए। ट्रेन के शौचालयों में भी यात्री भरे नजर आए। दोपहर तीन बजे देरी से पहुंची सद्भावना एक्सप्रेस के प्लेट फार्म नंबर तीन पर आते ही यात्री आपातकालीन खिड़की में घुस कर अंदर कोच में घुसे। बच्चों और महिलाओं के साथ सफर कर रहे परिजनों को परेशानी झेलनी पड़ी। ट्रेनों के गेट पर भी लोग लटक कर यात्रा करते नजर आए।
उधर, परिवहन निगम ने भैया दूज पर पर्याप्त बसों की व्यवस्था के दावे किए थे, मगर देहात मार्ग पर बसें कम मिलीं। जिस कारण यात्री अन्य साधनों से गंतव्य को पहुंचे। जेल चुंगी पर बनाए गए अस्थायी बस अड्डे पर देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, मेरठ, मुजफ्फरनगर की बसें कम होने के कारण यात्री परेशान रहे। दोपहर एक बजे मेरठ के लिए कोई बस यहां नहीं मिली। ऐसा ही हाल दिल्ली रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी बस अड्डे पर देखने को मिला। यहां पर भी दिल्ली और शामली के लिए बसें कम ही मिलीं। मानकमऊ बस अड्डे पर गंगोह, नकुड़ की बसें कम मिलने से यात्री प्राइवेट वाहनों से यात्रा करते मिले।
निजी वाहनों से किया सफर
सहारनपुर। भैया दूज पर बसों और ट्रेनों में भीड़ के कारण काफी संख्या में लोगों ने अपने निजी वाहनों से सफर किया। बाइकों पर ज्यादा लोग आते जाते मिले। यातायात के नियमों को दरकिनार कर बाइकों पर चार-चार और पांच परिजन भी जाते हुए दिखाई दिए।
शहर में बने रहे जाम के हालात
सहारनपुर। भैया दूज पर्व पर यातायात अधिक होने के कारण महानगर में पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। चौराहों पर कुछ ही देर में भारी जाम लग गया। विश्वकर्मा चौक पर वाहनों का भारी दबाव रहने से कारण यहां पूरे दिन जाम की स्थिति रही। ऐसा ही हाल देहरादून चौक, जेल चुंगी चौक पर दिखने को मिला।
चार घंटे देर से पहुंचीं ट्रेनें
सहारनपुर। भैया दूज पर्व यात्रियों की भारी भीड़ और ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। छठ पूजा पर अपने घर जा रहे सहरसा के मनु कुमार, सीतामढ़ी के अशोक मंडल, बेतिया के नंदू कुमार ने बताया कि जनसेवा एक्सप्रेस से उन्हें घर जाना है। ट्रेन ढाई घंटे लेट है। बनमनखी ट्रेन साढे़ चार घंटे, नौचंदी एक्सप्रेस तीन घंटे, बरौनी एक्सप्रेस एक घंटे, अंबाला कैंट पैसेंजर एक घंटे, उज्जैनी एक्सप्रेस सवा घंटे, न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस चार घंटे, चंडीगढ़ एक्सप्रेस तीन घंटे, पूजा एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से यहां पहुंची।
भाईदूज के चलते रेलवे स्टेशन ट्रेन पर पहुंची भीड़- फोटो : SAHARANPUR
भाईदूज और छठ के चलते रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ती भीड़- फोटो : SAHARANPUR
भाईदूज और छठ के चलते रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सवारी को चढ़ता कुली- फोटो : SAHARANPUR
देहरादून रोड पर बस अड़डे भाईदूज पर बस में चढ़ती सवारी- फोटो : SAHARANPUR
ृहरादून रोड पर बस अड़डे भाईदूज पर बस में चढ़ती बहने- फोटो : SAHARANPUR
देहरादून रोड पर प्राईवेट बस में भाईदूज पर बस में चढ़ती सवारी- फोटो : SAHARANPUR
देहरादून रोड पर बस अड़डे भाईदूज पर बस में चढ़ती सवारी- फोटो : SAHARANPUR