लखनौती। खनिज से भरी पिकअप गाड़ी की टक्कर से ग्रामीण के मकान की दीवार, शौचालय और दरवाजा टूट गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। गांव नाई माजरा निवासी नासिर अब्बास पुत्र अली कौशर ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर यमुना नदी से छोटी गाड़ियों के द्वारा अवैध रेत खनन किया जा रहा है। शनिवार सुबह सात बजे पिकअप गाड़ी ने उसकी दीवार में टक्कर मार दी। इससे दीवार, शौचालय और दरवाजा टूट गए। जब उसने चालक का विरोध दर्ज कराया तो वह उसे गालियां देते हुए भाग गया। पीड़ित का कहना है कि यह वाहन रात भर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।