नागल। कच्ची ईंटों से लदी घोड़ा बुग्गी के पलटने से क्षेत्र के गांव खटोली निवासी मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
गांव खटोली निवासी दिनेश कुमार 40 पुत्र चुहड़ सिंह क्षेत्र के गांव सोहनचिड़ा स्थित किसान ब्रिक्स फील्ड पर कच्ची ईंटों की भराई का कार्य करता था। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपनी घोड़ा बुग्गी में कच्ची ईंटें लादकर भट्ठे पर आ रहा था। भट्ठे के निकट अचानक उसकी घोड़ा बुग्गी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर पलट गई और वह उसके नीचे दब कर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर सहारनपुर स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनेश के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनका रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।