सरसावा। एक सप्ताह पूर्व रुड़की पंचकुला हाईवे पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीन वांछितों को गिरफ्तार किया। इनके पास से तमंचा, कारतूस, लोहे के पाइप, सरिया तथा स्पलेंडर बाइक बरामद हुई। पुलिस ने तीनों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया।
बता दें की करीब एक सप्ताह पूर्व रुड़की नेशनल हाईवे पर सरसावा से 2 किलोमीटर दूर दो गुटों के बीच मारपीट तथा फायरिंग हुई थी। इसमें दोनों गुटों ने एक दूसरे पर अवैध हथियारों से दर्जनों फायर किए थे। मौके पर पहुंची पुलिस को दो दर्जन खोखे भी बरामद हुए थे। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
शनिवार को पुलिस ने तीन और वांछितों शुभम पुत्र राजकुमार निवासी ग्राम अगवहेड़ा, विशु उर्फ विशाल पुत्र मुल्की राज तथा ईशु पुत्र चंद्रपाल निवासीगण राधा स्वामी कॉलोनी थाना सरसावा को शाहजहांपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में अंबाला हाईवे से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वह अजय प्रधान गुट की ओर से लड़ाई तथा फायरिंग में शामिल थे।
महिलाओं से ठगी में दो पर रिपोर्ट दर्ज
मिर्जापुर। गांव खुवासपुर में महिलाओं से की गई ठगी के मामले में एसएसपी के निर्देश पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बता दें कि विगत दिनों गांव खुवासपुर में कई महिलाओं को झांसा देकर उनके नाम से लोन करा लिया गया था। इसकी जानकारी होने पर महिलाओं ने कोतवाली पहुंच कार्रवाई की मांग की थी। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि उक्त मामले में एसएसपी के निर्देश पर दो आरोपियों नूरदीन पुत्र शिब्बू निवासी हबीबपुर तपोवन उर्फ खुवासपुर एवं एक अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।