होली और शब-ए-बरात को लेकर बढ़ाई चौकसी
डीआईजी और एसएसपी ने फोर्स के साथ की पैदल गश्त
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। होली और शब-ए-बरात को लेकर पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। मंगलवार यानि आज जिले भर में 1427 जगहों पर होलिका दहन होगा। आज ही शब-ए-बरात पर मुस्लिम समाज के लोग कब्रिस्तानों में इबादत करेंगे। सुरक्षा को लेकर डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने फोर्स के साथ पैदल गश्त की।
डीआईजी और एसएसपी ने जनपद के सभी 21 थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद करने के निर्देश दिए हैं। होलिका दहन स्थलों और कब्रिस्तानों में पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसके साथ ही गश्त को बढ़ा दिया है। वहीं, संवेदनशील इलाकों में पुलिस कड़ी निगरानी रखेगी। इसी के मद्देनजर डीआईजी और एसएसपी ने पुलिस और आरएएफ के साथ कलक्ट्रेट से कोर्ट रोड होते हुए घंटाघर, नेहरू मार्केट, चौकी सराय, शहीदगंज बाजार, चौक फव्वारा, मोरगंज बाजार से भगत सिंह चौक और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। भीड़भाड़ और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए। मंगलवार सुबह आठ बजे से रूट डायवर्जन प्लान भी लागू होगा।
रूट डायवर्जन में यह रहेगी यातायात व्यवस्था
- गागलहेड़ी क्षेत्र में बाईपास से शहर की तरफ कोई भी भारी वाहन प्रवेश नहीं करेगा।
- देहरादून की ओर से यमुनानगर और अंबाला की ओर जाने वाले वाहन बाईपास से जाएंगे, जिन्हें सरसावा से देहरादून की ओर जाना है, वह भी यहीं से जाएंगे।
- रामपुर मनिहारान चुनहैटी बाईपास सर्विस रोड से जिन्हें देहरादून और अंबाला की ओर जाना है, उन्हें बाईपास से होकर जाना होगा।
- देहरादून रोड पर राकेश केमिकल चौकी, आंबेडकर चौक, जिला अस्पताल चौक से बड़े वाहनों को शहर की ओर नहीं आने दिया जाएगा।
- आंबेडकर चौक से समस्त छोटे वाहन, जिन्हें अंबाला की ओर जाना है, वह जिला अस्पताल चौक से कलक्ट्रेट तिराहे, हसनपुर चौक, शुगर मिल तिराहे से मानकमऊ, नकुड़ तिराहे से होकर जाएंगे।
- अंबाला की ओर से आने वाले वाहन, जिन्हें देहरादून जाना है, वह नकुड़ तिराहे से मानकमऊ, शुगर मिल तिराहे, सर्किट हाउस मार्ग, हसनपुर चौक से सिविल लाइन तिराहे, अस्पताल चौक से आंबेडकर चौक से होकर जाएंगे।
- टपरी रोड, बड़गांव रोड, दिल्ली रोड, अंबाला रोड एवं चिलकाना रोड से शहर की ओर कोई भी भारी वाहन नहीं आएगा।
6:30 से 8:10 बजे तक होलिका दहन का मुहूर्त
मंगलवार की शाम होलिका दहन होगा। इससे पूर्व मंत्रोचारण के साथ होलिका दहन स्थलों पर पूजा अर्चना होगी। आचार्य रोहित वशिष्ठ ने बताया कि शाम 6:30 से रात 8:10 बजे तक होलिका दहन का मुहूर्त रहेगा।