छुटमलपुर। नगर निकाय चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू हाेते ही प्रशासन ने राजनीतिक दलों को बैनर और होर्डिंग्स उतारने शुरू कर दिए। जिले में पहले चरण में चुनाव होने के चलते विभिन्न दलों से टिकट के दावेदारों की सक्रियता एकदम से बढ़ गई है।
नगर पंचायत छुटमलपुर के अधिशासी अधिकारी आलोक रंजन के निर्देशन में रविवार रात कस्बे के तीनों प्रमुख सड़क मार्गों के साथ ही ज्योति किरण, घास मंडी, गांधी आश्रम तिराहों और गली मुहल्लों में अभियान चला कर बैनरों और होर्डिंग्स को उतरवाया गया। चुनाव तारीखों का एलान होते ही दावेदावों की सक्रियता एकदम से बढ़ गई है। उन्होंने अपने राजनीतिक आकाओं को फोन मिलाने के साथ ही समर्थकों की बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। छुटमलपुर में नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पहली बार होने वाले चुनाव में ताल ठोंक रहे दावेदारों के प्रतिष्ठानों पर समर्थक जुटने शुरु हो गए। ये चुनावी माथापच्ची के साथ ही अपने अपने राजनीतिक दल से टिकट पक्का करने की रणनीति भी बना रहे हैं। बता दें कि गत वर्ष छुटमलपुर और फतेहपुर भादो ग्राम पंचायतों को मिला कर छुटमलपुर नगर पंचायत का गठन किया गया था। ऐसे में यहां दर्जन भर से ज्यादा लोग नगर पंचायत के पहले चेयरमैन का खिताब पाने को लालायित हैं।
तहसीलदार की अगुवाई में चला अभियान
बेहट में तहसीलदार प्रकाश सिंह ने नगर पंचायत की टीम के साथ देर रात तक राजनीतिक दलों के सार्वजनिक स्थलों पर लगे बैनर व पोस्टर हटवाए। उन्होंने नगर पंचायत के प्रधान लिपिक ओम प्रकाश के साथ स्काइलिफ्ट लेकर कस्बे में बैनर होर्डिंग्स सफाई अभियान चलाया। तहसीलदार ने बताया कि किसी राजनीतिक दल से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर नहीं रहने दी जाएगी।