सहारनपुर जिले में 20 बच्चों सहित 51 एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की जांच में इसकी पुष्टि हुई है। माता-पिता के एचआईवी पॉजिटिव होने से बच्चों में संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आए। विभाग ने सभी का रजिस्ट्रेशन कर उपचार शुरू कर दिया है।
जिला अस्पताल के एआरटी सेंटर के मुताबिक 2013 से जनपद में अब तक एचआईवी मरीजों की संख्या 1354 तक पहुंच गई है, जिसमें बच्चों सहित पुरुष और महिलाएं शामिल हैं। 2013 में एआरटी सेंटर स्थापित हुआ था, तब से दिसंबर 2017 तक कुल संख्या 1354 है।
विभाग के मुताबिक एड्स रोगियों में तेजी से इजाफा हो रहा है। वर्ष 2017 में नए 51 एड्स पीड़ित सामने आए हैं। इनमें 20 बच्चे हैं, जिनमें उम्र जीरो से लेकर 12 वर्ष तक है। 13 लड़के हैं तो सात लड़कियां हैं।
सीएमओ बीएस सोढी ने बताया कि माता-पिता के एचआईवी पॉजिटिव होने की वजह से बच्चों में भी ये मामले सामने आए हैं। बच्चों के अलावा अन्य लोगों में एचआईवी पॉजिटिव व्यक्ति का खून चढ़ाए जाने की वजह से उनके भी संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रखी खून की यूनिटों को चेक किया गया, जिसमें एचआईवी निगेटिव मिला है। इन नए केस को लेकर विभाग हर पहलु से जांच कर रहा है।