बेहट (सहारनपुर)। बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने रविवार को भगवा ध्वज के साथ कस्बे में शौर्य यात्रा निकाली। इस दौरान भगवान श्रीराम और भारत माता की जय के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान रहा। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।
शाकंभरी देवी रोड जनता इंटर कॉलेज के सरदार वल्लभ भाई पटेल सभागार के मैदान में शौर्य दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में विहिप के प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख सुनील सिद्धू ने कहा कि प्रत्येक छह दिसंबर को शौर्य दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर पूरे देश में शौर्य यात्रा निकाली जाती है। शौर्य संचलन के माध्यम से हिंदू समाज में जागृति आने के साथ ही राष्ट्र भावना जागृत होगी। प्रांत कार्य अध्यक्ष जयपाल ने कहा कि बजरंग दल एवं विहिप हिंदू समाज को जागृत करने में अहम भूमिका निभा रहे है। इसके बाद शौर्य यात्रा निकाली गई। यात्रा कार्यक्रम स्थल से शुरू होकर मैन रोड, संजय कॉलोनी, गांधी चौक, महाजनान, माजरी, खालसा आदि मोहल्लों से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में विभाग अध्यक्ष शिव कुमार गौड़, जिलाध्यक्ष नवाब सिंह, जिला संयोजक हरीश कौशिक, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुमार, जिला मंत्री मनीष योगाचार्य आदि ने विचार रखे। इस दौरान सह संयोजक योगेश चौहान, अनुज सैनी, रजत शर्मा, विशाल, नरेंद्र चौहान, मोहित, पंकज, मनीष, आशीष धीमान, महावीर, आदित्य, राजपाल, विशाल धीमान, अनुपम धीमान, रजत शर्मा, सागर सैनी, अमन सैनी, रविंद्र सैनी आदि रहे।