विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री और राज्यपाल को चार सूत्रीय ज्ञापन भेजकर देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री विकास त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम भानु प्रताप यादव के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल राम नाईक को भेजे ज्ञापन में कहा कि उत्तर प्रदेश को तालिबान बनाने की साजिश रची जा रही है।
देश विरोधी घटनाओं में संलिप्त लोगों को बेगुनाह बताया जा रहा है। ऐसे में राष्ट्रभक्त लोग भी चुप नहीं बैठेंगे। बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एटीएफ और पुलिस की संयुक्त छापामारी में जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी शाकिर अंसारी को गिरफ्तार किया गया था।
शाकिर अंसारी का परिवार देवबंद के मोहल्ला बड़जियाउलहक में रहता है। इसलिए देवबंद नगर में सर्च आपरेशन चलाने, दारुल उलूम को होने वाली फंडिंग (चंदा) की जांच कराने, प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेले में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित कराने तथा वर्ष 2013 में हुए बलवे में पुलिस से छीनी गई एके-47 राइफल मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में सह प्रांत गौरक्षा प्रमुख कुलदीप सैनी, विपिन त्यागी, प्रखंड संयोजक अक्षय, सतीश, डॉ. अमित चौधरी, आलोक, पंकज त्यागी, विपिन भारतीय, गजराज राणा, सन्नी त्यागी, मांगेराम, प्रदीप, रामकुमार, सुशील, सोनू आदि रहे।