सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। सोमवार को सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक समीक्षा करते हुए सभी इंतजामों को अंतिम रूप दिया।
सुरक्षा की दृष्टि से तीन हजार से अधिक पुलिसकर्मियों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। इसके अलावा विशेष एसपीजी और इंटेलीजेंस एजेंसियों की टीमें भी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। सहारनपुर से लेकर डाट काली मंदिर तक वीवीआईपी रूट पर एसपीजी और पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फ्लीट का ट्रायल किया, ताकि किसी भी तरह की चूक की संभावना न रहे। गणेशपुर क्षेत्र में हेलीपैड की सुरक्षा, आपात स्थिति से निपटने की तैयारी और रेस्पांस टाइम का परीक्षण किया गया। लखनऊ से पहुंचे एसपीजी और खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हेलीपैड, जनसभा स्थल और मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।
पूरे रूट पर की गई बैरिकेडिंग
पूरे रूट पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। वहीं, कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। हेलीपैड से लेकर जनसभा स्थल तक कई बार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्यक्रम स्थल के आसपास ऊंची इमारतों पर स्नाइपर भी तैनात किए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
-
प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय मेडिकल कॉलेज समेत चार सेफ हाउस बनाए गए हैं। वहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बेड आरक्षित किए गए हैं। डॉक्टर और स्टाफ की ड्यूटी लगाई है। इसके अलावा 14 एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एंबुलेंस, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के ब्लड ग्रुप के डोनर की भी पुख्ता व्यवस्था कर रखी गई है। सभी ब्लड बैंकों में प्रधानमंत्री के ब्लड ग्रुप वाले रक्त को सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। पीएम की फ्लीट के साथ भी टीमें रहेंगी। हर टीम में सात से आठ चिकित्सक तैनात रहेंगे।