सहारनपुर में विधानसभा निर्वाचन के तहत कलक्ट्रेट में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम में चुनाव से संबंधित कम और सामान्य शिकायतें अधिक मिल रही हैं।
मंगलवार तक मिली कुल 99 समस्याओं में से ज्यादातर बिजली, पानी, जमीन के विवाद और लड़ाई-झगड़ों से जुड़ी थीं। अब कंट्रोल रूम से इन समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाया जा रहा है।
कलक्ट्रेट में बना कंट्रोल रूम चुनाव संबंधी शिकायतों के लिए बनाया गया है। कोई भी जनप्रतिनिधि, प्रत्याशी या आम व्यक्ति चुनाव से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या यहां दर्ज करा सकता है।
लेकिन, पिछले करीब 20 दिन से स्थापित कंट्रोल रूम को चुनाव से संबंधी कम और आम शिकायतें अधिक मिल रही हैं। मंगलवार तक कुल 99 शिकायतें मिली थीं, जिनमें ज्यादातर जमीन का विवाद, बिजली कटौती और आपसी लड़ाई-झगड़े की शिकायतें शामिल रहीं।
जिनको संबंधित विभाग को भिजवाया गया। मंगलवार को ही लखनौती में बिजली के तार और केबिल चोरी होने की शिकायत मिली। कंट्रोल रूम के कर्मचारियों ने बताया कि सामान्य शिकायतें सुनना उनका काम नहीं है, लेकिन इसके बाद भी वह सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं।