सहारनपुर। हार्ट अटैक के मरीजों को अब जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जीवन रक्षक इंजेक्शन लग सकेगा। निजी में इस इंजेक्शन की कीमत करीब 40 हजार रुपये है। ईसीजी की भी सुविधा मिलेंगी। स्टाफ को दिल रोगियों के इलाज का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जिले में देवबंद, सढ़ौली कदीम, नागल, गंगोह, सरसावा, नकुड़, नानौता, रामपुर मनिहारान, फतेहपुर समेत 21 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। प्रदेश में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को देखते हुए शासन ने प्रत्येक जिले में इलाज की सुविधा के लिए स्टेमी केयर नेटवर्क शुरू किया।
एसटी-एलिवेशन मायोकार्डियो इंफ्राक्शन (एसटीईएमआई) या स्टेमी एक विशेष प्रकार का हार्ट अटैक होता है, जो सामान्य के मुकाबले अधिक खतरनाक होता है। इसमें कोरोनरी धमनी पूरी तरह अवरुद्ध हो जाती है।
इसके साथ ही हृदय तक रक्त की आपूर्ति बाधित हो जाती है। ऐसे मरीजों को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होती है। जिले में हृदय रोगियों को इलाज मिल सके, इसके लिए शासन ने स्टेमी केयर नेटवर्क योजना शुरू की।
इसकी शुरुआत जिला अस्पताल में पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अब सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी शुरू कर दी है। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि सभी सीएचसी स्टाफ को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ईसीजी की भी सुविधा मिलेंगी।