सर्द मौसम में इंतजार कर रहे फरियादियों के पास पहुंचकर शिकायतें सुनते एसएसपी डॉ. एस चनप्पा।
- फोटो : SAHARANPUR
फरियादियों के पास पहुंचकर सुनीं समस्याएं
सहारनपुर। पुलिस लाइन में बुधवार सुबह 11 बजे सर्द मौसम में कई फरियादी पेड़ के नीचे और आसपास पुलिस कप्तान से मिलने का इंतजार कर रहे थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। इन फरियादियों को परेशान देखकर एसएसपी डॉ. एस चनप्पा खुद कार्यालय से बाहर आ गए और उनकी समस्याएं सुनीं। महिला थाना पहुंचकर पारिवारिक विवादों को लेकर शिकायतकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने अधिकतर मामलों को आपसी सुलह से निपटाने की हिदायत दी।
देहात कोतवाली क्षेत्र से आई महिला और कुछ अन्य लोगों ने परिवार की लड़की के नहीं मिलने के बारे में बताया। उन्होंने फोन पर थाना प्रभारी से बात कर जल्द पता लगाने के लिए कहा। आपसी विवाद और उत्पीड़न के मामलों में अन्य कई फरियादियों से कार्यालय के बाहर समस्या सुनी गईं। इसी दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख मुकेश चौधरी पहुंचे तो वे भी अपने साथ आए लोगों के बारे में वहीं पर बात करने लगे।
-----
कोर्ट में जाने से पहले मामले निपटाएं
फरियादियों से मिलने के बाद एसएसपी ने महिला थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने बाहर खड़ी महिलाओं से उनके वादों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह और अन्य स्टाफ को निर्देश दिए कि सुनवाई में देरी न की जाए। यह प्रयास किए जाएं कि कोर्ट में मामले जाने से पहले ही थाना स्तर पर ही निपटारा कर लिया जाए। काउंसलिंग के समय दोनों पक्षों की सहमति से वादों का निस्तारण कराएं।