तीतरों। झाड़वन में बुखार से युवक मुतंजिर की मौत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोह की स्वास्थ्य टीम ने गांव में घर-घर पहुंच कर बुखार पीड़ित मरीजों की जांच की। टीम ने मृतक के परिजनों से बीमारी और उपचार के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही आसपास के घरों का भी स्वास्थ्य सर्वे किया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. रोहित वालिया ने बताया कि स्वास्थ्य टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच की और आवश्यक दवाएं वितरित कीं। मृतक युवक के परिवार के सदस्यों व बुखार से पीड़ित कुछ मरीजों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा गांव में मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों से घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने तथा बुखार होने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराकर उपचार कराने की अपील की है। टीम में डॉ. सलमान, साबिर, अभुदय, फार्मासिस्ट उवेश, गौरव कुमार, सतवीर आशा कार्यकर्ता शामिल रहे। इस दौरान प्रधान वसीम चौधरी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।