-महिला जिला अस्पताल, टीबी अस्पताल और नकुड़ सीएचसी में नहीं चल रहे हेल्थ एटीएम
-मरीजों को जांच कराने के लिए अस्पतालों के काटने पड़ रहे चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मरीजों की जांच के लिए लगाए गए हेल्थ एटीएम की सेहत खुद ही खराब चल रही है। इस कारण मरीजों को इन एटीएम पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे मरीजों को जांच कराने के लिए अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
पिछले दिनों एसबीडी जिला अस्पताल सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एटीएम लगाए गए थे। इसका उद्देश्य मरीजों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य संबंधी जांचों की सुविधा देना था, जिससे मरीजों को जांच कराने के लिए अन्य अस्पतालों में भटकना न पड़े। इस योजना की शुरुआत खासकर ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को जरूरत को ध्यान में रखते हुए की गई थी। महिला जिला अस्पताल, टीबी अस्पताल और नकुड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम मशीनें तकनीकी खराबी से बंद हैं। इसके चलते मरीजों को पैथाेलॉजी में जाकर जांच करानी पड़ रही।
उधर, हेल्थ एटीएम के नोडल डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि हेल्थ एटीएम तकनीकी खराबी की वजह से नहीं चल रहे हैं। जल्द ही इंजीनियर को बुलाकर मशीनें ठीक करा ली जाएगी।